Wednesday, 14 February 2007

क्रिसलर नौकरियों में कटौती करेगी

विश्व की अग्रणी कार कंपनी डायमलर क्रिसलर ने कहा है कि नुक़सान में चल रही उसकी अमरीकी ईकाई में तेरह हज़ार कर्मचारियों की छँटनी की जाएगी जिनमें से नौ हज़ार अमरीका में और चार हज़ार कर्मचारियों की छँटनी कनाडा में की जाएगी.

जर्मन-अमरीकी समूह डायमलर क्रिसलर ने एक फ़ैक्ट्री बंद करने का भी फ़ैसला किया है. क्रिसलर में कुल 83 हज़ार लोग काम करते हैं.

अमरीका में डायमलर क्रिसलर कंपनी की बिक्री साल 2006 में सात फ़ीसदी गिर गई थी. कंपनी को वर्ष 2006 में 16 करोड़ बीस लाख डॉलर का नुक़सान हुआ था.

फ़ोर्ड और जनरल मोटर्स (जीएम) जैसी अन्य बड़ी अमरीकी कंपनियों की तरह क्रिसलर को भी जापानी कार कंपनियों से कड़ी टक्कर मिल रही है.

क्रिसलर ने नीवार्क में अपनी फ़ैक्ट्री बंद करने का फ़ैसला किया है. यहाँ कंपनी का क्रिसलर ऐसपेन मॉडल बनता है और क़रीब 2100 लोग काम करते हैं.

ख़र्च कम करने के लिए फ़ोर्ड और जनरल मोटर्स भी अमरीका में हज़ारों कर्मचारियों की छँटनी कर रहीं हैं.

कार कंपनी फ़ोर्ड ने साल 2006 में उत्तरी अमरीका में 25 से 30 हज़ार कर्मचारियों की छँटनी की घोषणा की थी. फ़ोर्ड को वर्ष 2006 में 12.7 अरब डॉलर का नुक़सान हुआ था जो कंपनी के 103 साल के इतिहास में सबसे बड़ा नुक़सान है.

No comments:

Post a Comment