Sunday, 13 May 2007

वैज्ञानिकों ने तैयार किया 'प्लास्टिक' ख़ून

ब्रिटेन में वैज्ञानिकों ने कृत्रिम प्लास्टिक ख़ून तैयार किया है, जिसे आपात स्थिति में ख़ून के विकल्प के रूप में इस्तेमाल किया जा सकता है.

शेफ़ील्ड यूनिवर्सिटी के शोधकर्ताओं का कहना है कि इस अनुसंधान का सबसे ज़्यादा लाभ युद्धक्षेत्रों में हो सकता है.

उनका कहना है कि कृत्रिम ख़ून वज़न में हल्का है, इसे ठंडा रखने की ज़रूरत नहीं है और इसे लंबे समय तक सुरक्षित रखा जा सकता है.

नए रक्त को प्लास्टिक कणिकाओं से तैयार किया गया है. प्लास्टिक कणिका के कोश में हीमोग्लोबिन जैसा लोहे का अणु है, जो शरीर के माध्यम से ऑक्सीजन लेता है.

कम ख़र्च

वैज्ञानिकों का कहना है कि कृत्रिम ख़ून को कम ख़र्च में तैयार किया जा सकता है और 'प्लास्टिक ख़ून' को मूलरूप में और जैविक इस्तेमाल के लिए तैयार करने के लिए उन्हें कुछ और राशि की दरकार है.

यूनिवर्सिटी के रसायन विभाग के डॉक्टर लांस ट्वाइमैन ने कहा, "इस शोध के नतीजों से हम बहुत उत्साहित हैं. यह उत्पाद लोगों की ज़िंदगी बचा सकता है."

दुनिया भर में तमाम लोग विभिन्न दुर्घटनाओं या युद्धक्षेत्र में शरीर के बाहरी हिस्सों मे लगी चोट के कारण बहुत अधिक ख़ून बहने से अपनी जान गँवा देते हैं.

प्लास्टिक ख़ून का असली ख़ून के मुक़ाबले अधिक आसानी से संचय किया जा सकता है.

इसका सीधा मतलब ये हुआ कि सशस्त्र सेनाएँ और एंबुलेंसें ख़ासी मात्रा में प्लास्टिक ख़ून अपने पास रख सकती हैं.

कृत्रिम ख़ून का एक नमूना लंदन स्थित विज्ञान संग्रहालय में प्लास्टिक के इतिहास पर 22 मई से शुरू हो रही प्रदर्शनी में रखा जाएगा.

Monday, 7 May 2007

स्पाइडरमैन-3 ने तोड़े सभी रिकॉर्ड

आकलनों के मुताबिक स्पाइडरमैन-3 बॉक्स ऑफ़िस इतिहास में सबसे सफल फ़िल्म बन गई है.

सोनी का कहना है कि उत्तरी अमरीका में फ़िल्म ने पहले सप्ताह में ही 14.80 करोड़ डॉलर का कारोबार किया.

इसने पाइरेट्स ऑफ़ कैरेबियन के दूसरे भाग डेड मैन्स चेस्ट 13.6 करोड़ डॉलर के रिकॉर्ड को तोड़ दिया है.

अब तक केवल सात फ़िल्में ही पहले सप्ताह में 10 करोड़ डॉलर की कमाई करने में सफल रही हैं.

हालांकि माना जा रहा है कि आगामी सप्ताह में स्पाइडरमैन पर दबाव बढ़ जाएगा क्योंकि पाइरेट्स ऑफ़ कैरेबियन का तीसरा भाग रिलीज़ होने जा रहा है.

स्पाइडरमैन-3 ब्रिटेन और एशिया में भी शुक्रवार को रिलीज़ हुई और फ़िल्म सभी जगह रिकॉर्ड बना रही है.

स्पाइडरमैन सिरीज़ की पिछली दो फ़िल्में भी बेहद सफल रही थीं.

स्पाइडरमैन-थ्री फ़िल्म में टोबी मैग्वायर और कर्स्टन डंस्ट मुख्य भूमिका में हैं.

हालांकि स्पाइडरमैन के चहेते दर्शकों ने इसे हाथों हाथ लिया है लेकिन इसे कड़ी आलोचना का भी सामना करना पड़ रहा है.

वाशिंगटन पोस्ट का कहना है कि फ़िल्म 'बेकार' है जबकि न्यूयॉर्क पोस्ट ने इसे 'बेहद लंबी और जटिल' करार दिया है.

इससे पहले इस सिरीज़ की पिछली दो फ़िल्मों ने दुनियाभर में क़रीब एक अरब 60 करोड़ डॉलर की कमाई की थी.